आंदोलन खत्म, पर आसान नहीं BJP की राह

Spread the love

पंजाब दस्तक(सुरेन्द्र राणा); भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने भले ही सियासी हितों के लिए दिल्ली की सीमाओं पर किसानों की घर वापसी करवाने के लिए सभी मांगें मान ली हैं। इसके बावजूद पंजाब के सियासी समीकरण इशारा कर रहे हैं कि आंदोलन खत्म होने के बाद भी BJP की राह आसान नहीं है।

किसान आंदोलन में पंजाब के सबसे बड़े वोट बैंक किसानों ने एक साल से ज्यादा दिल्ली सीमा पर दुर्दिन देखे हैं। तन और मन पर सरकारी उत्पीड़न झेला है। ऐसे में उसका असर किसान वोट बैंक के दिलो-दिमाग से निकाल पाना इतना आसान नहीं होगा।

कृषि कानून वापस लेने और किसानों की सारी मांगें मान लेने के पीछे BJP की मंशा साफ दिखती है। पंजाब में अगले महीने नए साल में विधानसभा चुनाव का ऐलान होने वाला है और भाजपा कृषि कानूनों को रद्द करने और किसानों की सभी मांगें मानकर उसका लाभ चुनाव में लेना चाहती है। पंजाब की सियासत में भाजपा अपने दम पर एंट्री कर अपना जनाधार बनाने की फिराक में है।

हालांकि किसान इतनी जल्दी उस मानसिक और शारीरिक यंत्रणा से बाहर नहीं निकलेंगे।

पंजाब में भाजपा अपनी एंट्री कर अपनी वैतरणी पार लगाने के लिए कैप्टन अमरिंदर सिंह का सहारा ले रही है। कैप्टन ही ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने मुख्यमंत्री रहते किसानों का पूरा समर्थन ही नहीं किया बल्कि पंजाब से दिल्ली की सीमाओं तक किसानों को पहुंचाने में भी मदद की।

पंजाब में केंद्र सरकार के अधीन आते टोल प्लाजा हों या रेलवे ट्रैक जहां भी किसानों ने कृषि कानूनों के विरोध में पक्का धरना लगाया उन्हें वहां से उठाने में कैप्टन ने अपने शासनकाल में केंद्र की कोई मदद नहीं की। यही वजह है कि राज्य में टोल प्लाजा अब भी बंद हैं। ट्रेनें भी महीनों तक बंद रहने पर एक बार तो रेलवे ने पंजाब में ट्रेनें चलाने से मना कर दिया था। फसली सीजन और कोयले सहित कई वस्तुओं की सप्लाई प्रभावित होने पर राज्य सरकार के निर्विघ्न रेलवे संचालन के आश्वासन पर मालगाड़ियों को शुरू किया गया था।

अमरिंदर की नई पार्टी से बने नए समीकरण
अब कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस से अलग हो गए हैं और उन्होंने पंजाब में अपनी नई पार्टी बना ली है। ऐसे में भाजपा अब पंजाब में कैप्टन का फायदा उठाने की फिराक में है। कैप्टन के साथ समझौता कर चुनाव में कूदने के लिए कई दौर की बातचीत हो चुकी है।

अब पंजाब में भाजपा और कैप्टन पंजाब अन्य असंतुष्टों के साथ मिलकर सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाने पर जुट गए हैं। इस समीकरण में कैप्टन ही ऐसे शख्स हैं जिन्होंने कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री रहते आंदोलन को खुलकर समर्थन दिया। मुख्यमंत्री पद और कांग्रेस छोड़ने के बाद भाजपा के पाले में जाकर कृषि कानूनों को रद्द करवाने में भी उनकी अहम भूमिका रही है। अब भाजपा चुनाव में कैप्टन की इस पैठ को एनकैश करने कै चक्कर में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *