धर्मशाला(सुरेन्द्र राणा) हिमाचल प्रदेश में तीन महीने में सामान्य जाति वर्ग आयोग का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन में इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा देवभूमि क्षत्रिय संगठन और देवभूमि स्वर्ण मोर्चा के बैनर तले विधानसभा के बाहर लोगों के उग्र प्रदर्शन के बाद की।
सीएम की घोषणा के साथ ही देवभूमि क्षत्रिय संगठन और स्वर्ण मोर्चा ने प्रदर्शन खत्म करने का निर्णय लिया है। आयोग के गठन की मांग को लेकर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग तपोवन से करीब एक किलोमीटर पीछे जोरावर स्टेडियम में एकत्रित हुए थे। इसके बाद उग्र भीड़ ने विधानसभा घेरने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और तपोवन विधानसभा परिसर के बाहर पहुंच गए।
