ऊना: हिमाचल प्रदेश की कुटलैहड़ विधानसभा सीट से विवेक शर्मा कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे। वहीं, हमीरपुर लोकसभा से सतपाल रायजादा को कांग्रेस टिकट दे सकती है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को कुटलैहड़ में आयोजित जनसभा में इसके संकेत दिए। उन्होंने कहा- पार्टी ने कुटलैहड़ विधानसभा उप-चुनाव के लिए सर्वे कराया है। सर्वे में विवेक शर्मा का नाम सबसे ऊपर है।
मुख्यमंत्री ने कहा- टिकट का फैसला हाईकमान करेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के बागी एवं कुटलैहड़ से पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा- भुट्टो को वोट देकर बुरी तरह कूटो। सुक्खू ने फिर कहा कि राजनीति में कुट्टो को मतलब वोट देकर हराना है।
बिक गए देवेंद्र भुट्टोः CM
मुख्यमंत्री ने कहा- आपके पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो बिक गए हैं। ऐसे व्यक्ति को सबक सिखाकर राजनीति से बाहर करना है। उन्होंने कहा-विधायक बनने से पहले देवेंद्र भुट्टो बार-बार उनके पास आते और टेंडर के लिए अधिकारियों को फोन करने का उनसे आग्रह करते रहते। ऐसे व्यक्ति को पार्टी ने टिकट दिया और विधायक बनाया। विधायक बनने पर भुट्टो ने पार्टी को धोखा दिया।
