मुख्यमंत्री सुक्खू इस दौरे में यहां क्षेत्र में कांग्रेस के प्रचार अभियान को धार प्रदान करेंगे, वहीं वह बागी कांग्रेस विधायक व अब भाजपा के प्रत्याशी देवेंद्र भुट्टो पर भी जोरदार हमला बोल सकते हैं। प्रदेश में 16 माह के कांग्रेस सरकार के शासन में सीएम सुक्खू का यह पहला कुटलैहड़ दौरा होगा। हालांकि इस दौरान कुटलैहड़ की राजनीति ने नई करवट ली है।
विधानसभा चुनावों में कुटलैहड़ से कांग्रेस पार्टी ने लंबे अरसे बाद एकजुटता दिखाते हुए भाजपा के 32 साल के जीत के तिलिस्म को तोड़ते हुए सफलता हासिल की थी, लेकिन सवा साल बाद ही कांग्रेस विधायक ने पार्टी के खिलाफ बगावत करते हुए राज्यसभा चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध मतदान किया, वहीं विधानसभा के बजट सत्र में पार्टी व्हिप की उल्लंघना के चलते विधानसभा अध्यक्ष ने उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी। बदले राजनीतिक परिवेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत समूर गांव में कांग्रेस पार्टी की एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री व जिला कांग्रेस का तमाम नेतृत्व भी उपस्थित रहेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के चुनाव के साथ-साथ कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इस जनसभा के माध्यम से प्रोत्साहित करेंगे। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के प्रचार अभियान को गति देने के लिए सीएम का दौरा अहम माना जा रहा है।
