हेलीकॉप्टर क्रेश में बिपिन रावत के पीएसओ हिमाचल के विवेक की भी मौत

Spread the love

कांगड़ा(सुरेन्द्र राणा) तमिलनाडु में दुर्घटनाग्रस्त सेना के हेलिकॉप्टर में सीडीएस जनरल बिपिन रावत के साथ सवार हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर के गांव अपर ठेहडू, डाकघर कोसरी के लांस नायक विवेक कुमार (29) का भी निधन हो गया है।

विवेक चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत के पीएसओ थे। जयसिंहपुर के विधायक रविंद्र सिंह ने अपनी फेसबुक पोस्ट पर विवेक के शहीद होने पर दुख जताया है।

विवेक के चचेरे भाई सुरजीत कुमार ने बताया कि बुधवार शाम 4:00 बजे आर्मी दफ्तर से फोन आया था। वहां से विवेक कुमार का बायोडाटा पूछा गया। कहा गया कि इसके अलावा कोई भी सूचना नहीं देने के ऑर्डर हैं। उन्होंने बताया कि विवेक आर्मी में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे।

वर्तमान में वह पैरा कमांडो थे। वह सीडीएस के साथ ही हेलीकॉप्टर में सवार थे। डीसी कांगड़ा निपुण जिंदल ने कहा कि उनको विवेक कुमार के शहीद होने की अभी कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। पंचायत के प्रधान विनोद कुमार के अनुसार पत्नी ने बताया है कि विवेक सीडीएस के साथ थे। तमिलनाडु जाने से पहले विवेक ने उन्हें यह बात बताई थी।

बताया जा रहा है कि विवेक की पत्नी, पिता रमेश चंद, माता आशा देवी इस सूचना के बाद बेसुध हैं। पंचायत समिति अध्यक्ष कुलवंत राणा ने बताया कि विवेक कुमार का दो महीने का बच्चा है। उनकी शादी को अभी दो साल ही हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *