शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल हाईकोर्ट में आज यानी मंगलवार को मुख्य संसदीय सचिव (CPS) मामले में सुनवाई होगी। इसमें याचिकाकर्ता और सरकार की ओर से बहस की जाएगी। यह केस जस्टिस विवेक ठाकुर और बिपिन चंद्र नेगी की बेंच सुनेगी।
दरअसल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस के 6 विधायकों को CPS बना रखा है। राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी BJP के 11 विधायकों ने इनकी नियुक्ति को असंवैधानिक बताते हुए हाईकोर्ट में चुनौती दे रखी है। याचिका में मांग की गई कि CPS बने विधायकों को मंत्री के तौर पर काम करने से रोका जाए।
इनकी याचिका पर ही हाईकोर्ट बीते जनवरी महीने में CPS द्वारा मंत्रियों जैसी शक्तियों का उपयोग न करने के अंतरिम आदेश दे चुका है। इसी मामले में राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट (SC) का भी दरवाजा खटखटा चुकी है और दूसरे राज्यों के SC में चल रहे CPS केस के साथ क्लब करने का आग्रह कर चुकी है। मगर, SC ने राज्य सरकार के आग्रह को ठुकराते हुए हाईकोर्ट में ही केस सुनने के आदेश दिए है।
