प्रियंका गांधी के साथ दिल्ली से लौटे सीएम सुक्खू, प्रतिभा के चुनाव लड़ने से इंकार के बाद फिर बढ़ी सरकार की मुश्किलें

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा; राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा के समापन में शामिल होने के लिए मुंबई गए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली की बैठकों के बाद शिमला लौट आए हैं। बुधवार को उनकी वापसी प्रियंका गांधी के साथ ही हुई। प्रियंका गांधी का शिमला के मशोबरा में घर है और वह कुछ वक्त अपने घर में बिताएंगी। इस दौरान हिमाचल सरकार को लेकर चल रही गतिविधियों की रिपोर्ट भी प्रियंका गांधी ले सकती हैं। मुख्यमंत्री दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल हुए थे, जिसने चुनाव घोषणा पत्र को फाइनल करना है।

बुधवार को भी सचिवालय में दो कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी और हर्षवर्धन सिंह चौहान मौजूद थे और दोनों ने काफी लंबी बैठक की है। कांग्रेस पार्टी को छह बागी विधायकों के अगले कदम का इंतजार है। यदि ये भाजपा में शामिल होते हैं, तो उसके बाद मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी अपनी अगली रणनीति बना सकती है।

मुख्यमंत्री के दिल्ली से लौटने से पहले ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने चुनाव लडऩे से इनकार कर दिया है। पार्टी की अध्यक्ष ही कार्यकर्ताओं के निराश होने की बात कर रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को न सिर्फ चुनाव के लिए प्रत्याशी देखने होंगे, बल्कि कांग्रेस के कैडर को लेकर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब भी देना होगा। ऐसे में सूबे में सियासी उठापटक तेज हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *