पंजाब में फिर गिरेगा पारा, 31 जनवरी से तीन दिन तक कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान

Spread the love

पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा; पंजाब में सक्रिय होने जा रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम के मिजाज फिर बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने 31 जनवरी से तीन दिनों के लिए पंजाब में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक एके सिंह के मुताबिक बारिश से लोगों को कोहरे से निजात मिलेगी, साथ ही दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री और रात के तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आएगी।

हालांकि पंजाब में बीते दो दिनों से धूप निकलने से दिन के तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है।

निदेशक ने बताया कि 31 जनवरी को केवल पहाड़ों से सटे इलाकों में ही बारिश हो सकती है, जबकि एक व दो फरवरी को पंजाब के उत्तरी भागों में बारिश की संभावना है। उधर, विभाग ने अगले तीन दिन के लिए यलो अलर्ट जारी कर दिया है। इसके तहत पंजाब के कईं जिलों में घने से बेहद घना कोहरा पड़ने की संभावना है।

पंजाब के न्यूनतम तापमान में शनिवार को 0.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि यह सामान्य के नजदीक बना हुआ है। सबसे कम 3.6 डिग्री का तापमान फरीदकोट का रहा। इसके अलावा अमृतसर का तापमान 3.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री नीचे रहा। लुधियाना का 6.0 डिग्री और पटियाला का 6.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा पठानकोट का तापमान 4.3 डिग्री, बठिंडा का 4.0, गुरदासपुर का 5.5 और एसबीएस नगर का 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *