बाढ़ से पंजाब में चार की मौत और एक बहा, कई स्कूलों में छुट्टी, 15 ट्रेनें रद्द

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बाद बांधों के फ्लड गेट खोले जाने के कारण आई बाढ़ से पंजाब के हालात बिगड़ गए हैं। गुरुवार को गुरदासपुर के बटाला और फाजिल्का में बाढ़ के कारण चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कपूरथला के भुतल्थ में एक व्यक्ति बह गया। उसका अब तक पता नहीं चल पाया है।

होशियारपुर और फिरोजपुर में कई गांव खाली करवा लिए गए हैं। बाढ़ के कारण गुरुवार को फिरोजपुर मंडल की 15 ट्रेनें रद्द रहीं। राज्य के आठ जिलों गुरदासपुर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का के सैकड़ों गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। भाखड़ा और पौंग बांध से छोड़े जा रहे पानी के कारण पंजाब में स्थिति सामान्य नहीं हो पा रही है।

बटाला के कस्बा श्री हरगोबिंदपुर के पास गांव धीरोवाल के रहने वाले दो नाबालिग चचेरे भाई जसकरण सिंह (14) और दिलप्रीत सिंह (13) फिसल कर ड्रेन में गिर गए, जिससे दोनों की मौत हो गई। जसकरण दसवीं, जबकि दिलप्रीत सिंह नौवीं कक्षा का छात्र था। दोनों बाढ़ का पानी देखने पहुंचे थे।

वहीं, फाजिल्का जिले के मंडी अरनीवाला शेख सुभान में अचानक मकान की छत गिरने से दादी महिला कृष्णा रानी (60) और पोते दिव्यांश (7) की मौत हो गई। एक महिला और एक छोटा बच्चा बाल-बाल बचा। एक अन्य हादसे में कपूरथला के भुलत्थ में भैंस को बचाने के लिए पानी में कूदा लखवीर सिंह (45) तेज बहाव में बह गया। अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है।

लोग राहत कैंपों में शिफ्ट

होशियारपुर के ब्लॉक तलवाड़ा, हाजीपुर व मुकेरियां के कई गावों में पानी भर गया है। लोगों को मुकेरिया में गांवों के सरकारी स्कूलों में बनाए गए राहत कैंपों में रखा गया है। यहां उन्हें खाने-पीने की सामग्री दी जा रही है। फिरोजपुर के 14 सरकारी स्कूलों में 18 अगस्त से 26 अगस्त तक छुट्टी घोषित कर दी गई है।

चार एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट बदले

रेल प्रशासन ने बाढ़ के चलते मक्खू-गिदड़पिंडी पुल संख्या-84 की हालत देखते हुए फिरोजपुर-जालंधर के बीच चलने वाली 15 पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी हैं, जबकि चार एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट बदले हैं। मक्खू-गिदड़पिंडी के पुल से पानी लग रहा है। इसके अलावा जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन (19226), जम्मूतवी-अहमदाबाद (19224), धनबाद एक्सप्रेस (13308) व जोधपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस (19225) का रूट बदला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *