हिमाचल के बद्दी में डेंगू की दस्तक, दो लोगों में मिले लक्षण, विभाग अलर्ट

Spread the love

सोलन: हिमाचल प्रदेश के बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में हुई भारी बारिश के बीच बद्दी में डेंगू ने दस्तक दे दी है। एक निजी अस्पताल में दो रोगियों की खून की जांच में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। अब दोनों के सैंपल लेकर एलिजा टेस्ट के लिए भेज दिए हैं। दो लोगों में डेंगू के लक्षण आने पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। उक्त रोगियों को एहतियात के तौर पर जरूरी दवाएं दे दी गई हैं। नगर परिषद ने भी संबंधित क्षेत्रों में फॉगिंग करवा दी है। बीबीएन में भारी बारिश के बाद जगह-जगह पानी जमा हो गया है, जिससे डेंगू का मच्छर पनपना होना शुरू हो गया है।

पिछले वर्ष बीबीएन में डेंगू का प्रकोप बढ़ा था। तब यहां 1,048 रोगियों में डेंगू के लक्षण पाए गए थे। हालांकि बीते वर्ष अगस्त में मामले आने शुरू हुए थे, लेकिन इस बार जुलाई में ही डेंगू होना शुरू हो गया है। बद्दी के सरकारी अस्पताल में 350 से अधिक रोगी उपचार के लिए हर रोज आते हैं, जिनमें से दो दर्जन के करीब रोगी बुखार की हालत में आ रहे हैं। बुखार वाले आधा दर्जन रोगियों में प्लेटलेट्स की कमी भी पाई जा रही है। प्लेटलेट्स डेंगू में बहुत जल्दी कम होते हैं।

उधर, इस बारे में बद्दी अस्पताल के एसएमओ डॉ. अनिल ने बताया कि निजी अस्पताल में दो रोगियों में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। हालांकि अभी उनके एलिजा टेस्ट की रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद ही इसके बारे में कुछ कहा जा सकेगा। आशा वर्कर और स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि वे अपने कूलर, गमलों व छत के ऊपर पानी जमा न होने दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *