पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: पंजाब मंत्रिमंडल में आज चौथी बार विस्तार होने जा रहा है। भगवंत मान अपनी कैबिनेट में करतारपुर के विधायक बलकार सिंह और लंबी से विधायक गुरमीत सिंह खुड्डियां को शामिल करने जा रहे हैं। दोनों नए मंत्रियों को राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित बुधवार सुबह 11 बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
कैबिनेट में जहां दो नए मंत्री शामिल किए जा रहे हैं, वहीं पर एक कैबिनेट मंत्री ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। स्थानीय निकाय मंत्री इंदरबीर सिंह निज्जर ने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना इस्तीफा भगवंत मान को सौंपा था। जिसे मुख्यमंत्री ने आगे राज्यपाल के पास मंजूरी के लिए भेज दिया। मंजूर होने के बाद राज्यपाल से नए मंत्रियों की शपथ के लिए समय लिया गया।
जालंधर उपचुनाव में करतारपुर से सबसे ज्यादा लीड मिली
करतारपुर के विधायक बलकार सिंह को जालंधर लोकसभा उपचुनाव में उत्कृष्ट कार्य का इनाम मिला है। उत्कृष्ट कार्य सिर्फ उपचुनाव में अपने क्षेत्र से सबसे ज्यादा लीड दिलवाना ही नहीं बल्कि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से पंगा लेने का उन्हें रिवॉर्ड मिला है। बलकार के खिलाफ मजीठिया ने मोर्चा खोल रखा था, लेकिन बलकार ने डटकर मुकाबला किया था।
लंबी के विधायक गुरमीत सिंह खुड्डियां को शिरोमणि अकाली दल के किले को भेदने और 5 बार के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को हराने के कारण मंत्री पद मिला है। खुड्डियां ने लंबी सीट पर नामुमकिन को भी मुमकिन करते हुए शिरोमणि अकाली दल के सरपरस्त एवं पूर्व मुख्यमंत्री बादल को उन्हीं के गृह क्षेत्र में मात देकर इतिहास रचा था।
