विजय रूपाणी ने की चुनाव तैयारियों की समीक्षा, बोले- पंजाब की खुशहाली व अमन-शांति BJP का मुख्य एजेंडा

Spread the love

पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: पंजाब में जालंधर लोकसभा सीट पर उपचुनाव, निकाय चुनाव और संगठनात्मक मुद्दों पर पंजाब भाजपा के प्रभारी और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने बुधवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में प्रदेश कोर कमेटी, पार्टी के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठक की।

विजय रूपाणी अपने दो दिवसीय पंजाब दौरे के दूसरे दिन बुधवार को चंडीगढ़ पहुंचे। उनके साथ तरुण चुघ भी थे। भाजपा मुख्यालय में अश्वनी शर्मा ने उनका स्वागत किया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, सह-प्रभारी डॉ. नरेंदर सिंह रैना, अविनाश राय खन्ना, तीक्ष्ण सूद, श्वेत मलिक भी उपस्थित रहे।

रूपाणी ने कहा कि पंजाब में भाजपा का जनाधार दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है, जिससे पंजाब की अन्य राजनीतिक पार्टियां बौखलाई हुई और चिंतित हैं, क्योंकि सभी विपक्षी दल जानते हैं कि इस बार जनता उन्हें वोट नहीं देगी। पंजाब भाजपा ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सूबे के निकाय और जालंधर लोकसभा उपचुनाव के लिए पार्टी पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने पंजाब के लोगों से भाजपा का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन में पंजाबियों के लिए बहुत सम्मान और प्यार है और उनकी दिली ख्वाहिश है कि पंजाब हंसता-खेलता, रंगला और समृद्ध बने। पंजाब में अमन-चैन कायम रखना भाजपा का मुख्य उद्देश्य और मुख्य एजेंडा है। भाजपा पंजाब में अलगाववादी ताकतों के मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *