पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: शिरोमणि अकाली दल (शिअद) को जालंधर उप-चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। जालंधर छावनी के पूर्व विधायक एवं शिअद नेता जगबीर सिंह बराड़ आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए हैं। जगबीर सिंह बराड़ के AAP में शामिल होने से पार्टी को जालंधर उप-चुनाव में फायदा मिल सकता है।
जगबीर सिंह बराड़ की जालंधर में काफी पैठ मानी जाती रही है। बराड़ साल 2007 में पहली बार जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचे थे। साल 2021 में कांग्रेस को अलविदा कहने के बाद वह शिअद में शामिल हो गए थे। शिअद अध्यक्ष एवं पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया ने स्वयं जालंधर जाकर जगबीर बराड़ को पार्टी में शामिल कराया था।
बराड़ परगट सिंह से 6797 वोट से हारे
जगबीर सिंह बराड़ अब तक तीन पार्टियां छोड़ चुके हैं। इनमें शिअद के अलावा PPP और कांग्रेस पार्टी शामिल है। बराड़ को साल 2012 के पंजाब विधानसभा चुनावों में जालंधर कैंट सीट से तत्कालीन शिअद नेता परगट सिंह ने 6797 वोटों से हराया था। साल 2017 में परगट सिंह ने कांग्रेस की टिकट पर जीत दर्ज की थी। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में जगबीर बराड़ ने शिअद की टिकट पर चुनाव लड़ा था।
