पंजाब दस्तक: पंजाब के अटारी बॉर्डर पर 74वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। सुबह बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के जवान अटारी सरहद पर बनी गैलरी में पहुंचे और तिरंगा फहराने की रस्म को अदा किया है। दोपहर को पाकिस्तान रेंजर्स की तरफ से BSF को गणतंत्र दिवस की बधाई। शाम होते ही यहां रिट्रीट सेरेमनी शुरू हो चुकी है। जिसमें गीतकार सतिंदर सरताज और नीरू बाजवा पहुंचे हैं।
सुबह BSF के जवान व अधिकारी अटारी सीमा पर पहुंचे। 74वें गणतंत्र दिवस पर तिरंगे को फहराया गया और राष्ट्रगान हुआ। जिसके बाद शहीदों को नमन किया गया। BSF के अधिकारियों ने सरहद से देश को इस पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस सिर्फ हमारे लिए पर्व ही नहीं, स्वाभिमान है।
उन्होंने कहा कि देश के शहीदों के बलिदान के बाद 15 अगस्त 1947 को आजादी मिली थी और 26 जनवरी को हमें अपना संविधान मिला। जिसके बाद भारत पूर्ण रूप से गणतंत्र बना। हमारे शहीदों के द्वारा जो शहीदी दी गई, उसके बाद ही भारत को पूर्ण स्वराज मिला। उनके कारण ही आज पूरा देश स्वतंत्र जी रहे हैं। हम एक गणतंत्र देश के नागरिक हैं, इसलिए हमारा कर्तव्य है कि हम सभी देश के लिए जो भी हो सकें, आगे आकर करें।
अटारी बॉर्डर पर दोपहर को भारत-पाकिस्तान सीमा पर गेटों को खोला गया। जिसके बाद BSF और पाक रेंजर्स के जवान सरहद पर एकत्रित हुए। इस मौके पर पाकिस्तान रेंजर्स की तरफ से BSF जवानों को गणतंत्र दिवस पर बधाई दी गई। दोनों देश के जवानों ने एक दूसरे को मिठाई देकर शुभकामनाएं दी।
