पंजाब दस्तक/चंडीगढ़: पंजाब पुलिस की वर्दी के दुरुपयोग के मामले में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। याचिका पर हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से जवाब मांगा है। मोहाली निवासी निखिल की तरफ से जनहित याचिका में कहा गया कि फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बना पुलिस की वर्दी मॉडलिंग की तरह फोटो साझी की जा रही हैं। इन फर्जी अकाउंट को रोकने की जगह पुलिसकर्मी और अफसर वर्दी में मॉडल की तरह फोटो खिंचवाकर इन अकाउंट पर साझा करते हैं। इस तरह वर्दी पहनने वालों को आम लोगों से बेहतर दिखाने का प्रयास किया जा रहा है।
याचिका में कहा गया कि यह वर्दी का दुरुपयोग अथवा अपमान करना है। याचिका में कहा गया कि हाल ही में रक्षा मंत्रालय ने सेना के जवानों के सोशल मीडिया इस्तेमाल करने पर रोक लगाई है। इसके साथ ही पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों को भी हिदायत दी गई है कि वह वर्दी में अपनी फोटो सोशल मीडिया पर न डालें।
वर्दी का अपमान रोकने की जगह खुद ही प्रचार कर रहे अधिकारी
वहीं, दूसरी तरफ पंजाब पुलिस के अधिकारी वर्दी के दुरुपयोग को रोकने के बजाय खुद ही इसका प्रचार कर रहे हैं। याचिका में कहा गया कि राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के मुताबिक पुलिस कंप्लेंट अथॉरिटी का गठन भी नहीं किया है। ऐसे में इस मामले को हाईकोर्ट के समक्ष लाना पड़ा। हाईकोर्ट ने इस पर पंजाब सरकार को अपना पक्ष रखने को कहा है।
