विधायक दल के नेता पर हाईकमान लेगा फैसला, सीएलपी बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित

Spread the love

पंजाब दस्तक सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद मुख्यमंत्री चेहरे के चयन को लेकर मचे घमासान के बीच कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में शुक्रवार देर शाम को नव निर्वाचित कांग्रेस विधायकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री प्रदेश कांग्रेस चुनाव पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश मामलों के प्रभारी सांसद राजीव शुक्ला, सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली, संजय दत्त, तजेंद्र पाल बिट्टू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार बैठक में मुख्यमंत्री के चयन के लिए हर विधायक से दो-दो नाम पूछे गए। उनकी प्राथमिकता वाले उम्मीदवार की मेरिट और डिमेरिट भी पूछी गई। मुख्यमंत्री चेहरे के चयन को लेकर सीएलपी (कांग्रेस विधायक दल) बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजने का फैसला लिया गया।

अब हाईकमान तय करेगा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार का मुख्यमंत्री कौन होगा? सूत्रों के अनुसार बैठक में मुकेश अग्निहोत्री ने सिंगल लाइन प्रस्ताव की बात रखी और सुखविंदर सुक्खू ने उसका समर्थन किया। इसके बाद सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पार्टी हाईकमान को विधायक दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत करने का फैसला लिया। बैठक के बाद प्रेस ब्रीफिंग में पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि  सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पार्टी हाईकमान को विधायक दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत करने का फैसला लिया है। विधायक दल का नेता कौन होगा, इसका फैसला पार्टी हाईकमान लेगी। कहा कि पर्यवेक्षक शनिवार को पार्टी हाईकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके बाद इस पर फैसला होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *