राहुल गांधी की यात्रा पंजाब में अगले महीने:सहयोग के लिए CM भगवंत मान से मिले कांग्रेस नेता, शंभू बॉर्डर से होगी एंट्री

Spread the love

पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अगले महीने जनवरी में पंजाब में प्रवेश करेगी। पंजाब में यात्रा शांति से आगे बढ़े सके और आमजन को भी परेशानी नहीं हो, इसके लिए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत अन्य नेता CM भगवंत मान से मिले। इस दौरान राजा वड़िंग के साथ रवनीत बिट्‌टू और पूर्व विधानसभा स्पीकर राणा केपी सिंह मौजूद रहे।

कांग्रेसी नेताओं ने CM भगवंत मान से उनके चंडीगढ़ स्थित आवास पर मिलकर उन्हें यात्रा के संबंध में मांग पत्र सौंपा। भारत जोड़ो यात्रा को पंजाब में प्रवेश करने में अभी लगभग एक महीना शेष है। 10 जनवरी से 19 जनवरी तक हर ब्लॉक और हर विधानसभा हलके से 25 और 50 कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ चलेंगे।

इसके लिए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने विभिन्न कमेटियां गठित की हैं। उन्होंने जिला अध्यक्षों व यात्रा के कोऑर्डिनेटर के साथ बैठक कर हर ब्लॉक से 25 और विधानसभा हलके से 50 कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने को कहा है। पार्टी इस तैयारी में है कि करीब 5 हजार कार्यकर्ता हर समय राहुल गांधी के साथ चलें।

भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में शंभू बॉर्डर की ओर से दाखिल होगी। फिर राजपुरा, सरहिंद, खन्ना, लुधियाना, जालंधर, ब्यास, बटाला होते हुए पठानकोट जाएगी। इस दौरान खानपान के बंदोबस्त के लिए पूर्व डिप्टी CM ओपी सोनी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है।

गोल्डन टेंपल में राहुल गांधी टेकेंगे माथा

प्रशासनिक कमेटी के चेयरमैन पूर्व गृह मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा हैं। जबकि मोबइलाइजेशन कमेटी का जिम्मा राणा गुरजीत सिंह को सौंपा गया है। राहुल की यात्रा में शंभू बॉर्डर से ब्यास तक जीटी रोड का ही इस्तेमाल किया जाएगा। इस बीच राहुल लुधियाना, जालंधर और ब्यास में रूकेंगे और वह श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने भी जाएंगे। इसके बाद बटाला को निकला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *