पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा, पंजाब के CM भगवंत मान आज से 2 दिन के दिल्ली दौरे पर रहेंगे। वह दिल्ली में नीति आयोग की गवर्निंग कौंसिल की मीटिंग में हिस्सा लेंगे। यह मीटिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होगी। इस दौरान भगवंत मान प्रधानमंत्री के आगे न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) कमेटी में पंजाब का प्रतिनिधि न होने का मुद्दा उठाएंगे।
इसके अलावा GST मुआवजा राशि का मुद्दा भी सीएम उठाएंगे। पंजाब सरकार को इस साल मुआवजे के तौर पर 16 हजार करोड़ मिलने थे लेकिन जुलाई से यह बंद हो चुका है। पंजाब को सिर्फ 4 हजार करोड़ मिले, जिससे वित्तीय संकट पैदा हो रहा है।
केंद्र सरकार ने हाल ही में MSP कमेटी बनाई है। यह कमेटी फसलों पर मिल रही MSP को प्रभावी बनाने के सुझाव देगी। इसमें पंजाब सरकार का कोई प्रतिनिधि नहीं है। पंजाब सरकार का तर्क है कि सिंघु बॉर्डर पर 378 दिन चले किसान आंदोलन में सबसे ज्यादा पंजाब के किसान थे। सबसे ज्यादा पंजाब के किसानों की ही इसमें मौत भी हुई। इसी आंदोलन को खत्म करने की शर्त के बदले MSP कमेटी बनी। किसानों का संयुक्त किसान मोर्चा भी इस कमेटी का बहिष्कार कर चुकी है।
दूसरी फसलों पर MSP का मुद्दा उठाएंगे
नीति आयोग की मीटिंग के एजेंडे में क्रॉप डायवर्सिफिकेशन(फसली विभिन्नताकरण) का भी मुद्दा शामिल है। सीएम मान केंद्र से मांग करेंगे कि गेहूं और धान के अलावा मूंग, मक्की, मूंगफली जैसी फसलों पर एमएसपी दी जाए। मूंग पर राज्य सरकार ने एमएसपी दी है लेकिन केंद्र को इस फैसले को आगे बढ़ाने की मांग की जाएगी।
