पंजाब: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा आज होशियारपुर पहुंचेंगे। यहां वह केंद्र की भाजपा सरकार के 9 साल पूरे करने पर शक्ति प्रदर्शन के रूप में दोपहर एक बजे विशाल रैली को संबोधित करेंगे। यहां वह पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा व अन्य पदाधिकारियों समेत मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाएंगे।

वहीं, 18 जून को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी गुरदासपुर दौरे पर विशाल रैली को संबोधित करेंगे।

भाजपा केंद्र सरकार के 9 साल पूरे करने पर हर राज्य में प्रोग्राम आयोजित कर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को गिनाते हुए उन्हें घर-घर तक पहुंचाने के प्रयास में है। इसके लिए सभी राज्यों में कलस्टर बनाए गए हैं। इनमें स्थानीय नेताओं समेत 3-4 केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं। दरअसल, लोकसभा चुनाव की तैयारियों के चलते भाजपा द्वारा अभी से जन-संपर्क शुरू कर दिया गया है।

पंजाब कलस्टर में केंद्रीय मंत्री

पंजाब में 4 कलस्टर बनाए गए हैं। इस कलस्टर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत, मनसुख मांडविया और अर्जुन मेघवाल शामिल हैं। भाजपा का मानना हे कि 9 साल नव भारत की विकास यात्रा के रूप में पूरे किए गए हैं।

लोकसभा की 13 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी भाजपा

भाजपा इस बार शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बिना पहली बार पंजाब लोकसभा चुनावों में अपने उम्मीदवार उतारेगी। पंजाब भाजपा अकेले ही सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। जबकि इससे पहले भाजपा ने शिअद के साथ गठबंधन कर उम्मीदवार उतारे थे।

यही कारण है कि इस बार भाजपा लोकसभा चुनाव साधने के मद्देनजर पहले ही पूरे जोर-शोर से विभिन्न माध्यम से जन-संपर्क करने में जुटी है। इसके लिए न केवल घर-घर तक उपलब्धियां गिनाने के लिए रैली, शक्ति प्रदर्शन, डिजिटल, वर्चुअल व सोशल मीडिया समेत सभी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है।

30 जून तक चलाया जाएगा महा अभियान

भाजपा द्वारा केंद्र सरकार के बीते 9 साल के विकास, योजनाओं व उपलब्धियों को गिनाने के लिए इस महा अभियान की शुरूआत 31 मई से शुरू की गई और इसे 30 जून तक चलाया जाएगा। महा अभियान की शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अजमेर (राजस्थान) में एक विशाल रैली से किया गया, इसमें लोग डिजीटली भी शामिल हुए।

मिस्ड कॉल नंबर जारी किया

पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने बताया कि महा अभियान के समर्थन के लिए एक मिस्ड कॉल नंबर 9090902024 भी जारी किया गया है। इस पर 1 जून से भाजपा द्वारा बनाए गए 144 कलस्टर के माध्यम से सभी 543 पार्लियामेंट में सभा की जा रही हैं। साथ ही 500 से अधिक लोकसभा और विधानसभाओं में 4 हजार जनसभा की जाएंगी।

संपर्क से समर्थन मांग रही भाजपा

भाजपा करीब 5 लाख परिवारों से सीधा संपर्क कर उनसे समर्थन मांगा रही है। इसके तहत पार्टी टू-व्हीलर रैली, जन संपर्क सभा, विधानसभा, गांवों में प्रवास, संवाद, गौरव यात्रा, मोदी मित्र मंडल जैसे सामाजिक कार्यक्रम कर रही है। सभी 144 कलस्टर में से हर कलस्टर में 3-4 लोकसभा शामिल की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *