चंडीगढ़ मेयर चुनावों को लेकर आज बड़ा दिन:कांग्रेस वॉकआउट या वोटिंग का फैसला करेगी; अकाली दल की वोट सुखबीर बादल तय करेंगे

1 min read

चंडीगढ़, सुरेंद्र राणा: चंडीगढ़ नगर निगम के 17 जनवरी को होने वाले मेयर चुनावों को लेकर आज कांग्रेस बड़ा ऐलान करेगी। पार्टी आज तय करेगी कि उसे वोटिंग प्रक्रिया में भाग लेना है या वॉकआउट करना है। सूत्रों की माने तो पार्टी के 6 काउंसलर्स में से आधे वोटिंग के हक में थे। इसके बाद पार्टी के शीर्ष लीडर्स से वोटिंग के मुद्दे पर बात की गई। वहीं सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस आज पिछले मेयर चुनावों की तरह वॉकआउट का फैसला लेगी।

दूसरी तरफ आज शिरोमणि अकाली दल की सिंगल वोट पर भी निर्णय होगा। काउंसलर हरदीप सिंह आज पार्टी प्रधान सुखबीर सिंह बादल से मिलेंगे। यहां वॉकआउट या भाजपा को समर्थन देने पर निर्णय लिया जाएगा। किरण खेर ने बीते 12 जनवरी को नॉमिनेशन के दौरान कहा था कि उनके पास एक वोट आ चुका है। संभावना जताई जा रही थी कि यह वोट हरदीप सिंह का ही है।

कांग्रेस बचा रहे अपने काउंसलर्स

बता दें कि कांग्रेस समेत आम आदमी पार्टी (AAP) और भाजपा अपने काउंसलर्स को दूसरी पार्टियों के संपर्क से बचाने के लिए उन्हें लेकर टूर पर चली गई थी। इन्होंने पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में डेरे लगाए हुए थे। कांग्रेस अपने कुफरी टूर को हिमाचल प्रदेश के CM सुखविंदर सिंह सुक्खू के दरबार तक ले गई थी।

भाजपा हाउस में इस समय सबसे बड़ी पार्टी है। इसके 14 काउंसलर्स और एक सांसद खेर का वोट है। कांग्रेस के दो काउंसलर्स निगम चुनावों के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे। दूसरी ओर AAP के पास 14 काउंसलर्स हैं और कांग्रेस घट कर 6 पर आ चुकी है।

जनता का जनादेश मानेगी कांग्रेस

चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रधान हरमोहिंदर सिंह लक्की का कहना है कि शहर की जनता ने उन्हें विपक्ष में बैठने का जनादेश दिया था। इसलिए वह लगातार शहर के मुद्दों को विपक्ष में बैठकर उठाते रहेंगे। ऐसे में आप को खुले रूप से और निजी रूप से समर्थन देने की संभावनाओं पर कांग्रेस पहले ही विराम लगा चुकी है। दूसरी तरफ AAP किसी चमत्कार के इंतजार में है।

हिमाचल-पंजाब में डाले डेरे

बता दें कि AAP के काउंसलर्स रोपड़ के एक रिसोर्ट में रुके हुए हैं। वहीं भाजपा मोरनी से आगे हिमाचल के कुमारहटी में पहुंचे हुए हैं। शिमला व इसके आसपास कांग्रेसी काउंसलर्स ठहरे हैं। AAP और भाजपा क्रॉस वोटिंग के लिए काउंसलर्स को उकसा सकती है।

अनूप गुप्ता और जसबीर लाडी में मुकाबला

भाजपा ने मेयर पद के लिए पिछली टर्म में डिप्टी मेयर रहे अनूप गुप्ता को खड़ा किया है। वहीं जसबीर सिंह लाडी को AAP ने मेयर पद के लिए अपना उम्मीदवार रखा है। भाजपा की ओर से सीनियर डिप्टी मेयर के पद के लिए कंवर राणा और डिप्टी मेयर के पद के लिए हरजीत सिंह का नाम तय हुआ था। वहीं AAP की तरफ से इन पदों पर तरुणा मेहता और सुमन शर्मा खड़ी हुई हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours