सीएम सुक्खू आज करेंगे कैबिनेट का विस्‍तार, मंत्रियों के नाम तय, इन्हें मिलेगा मौका

1 min read

शिमला/सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार की कैबिनेट का विस्तार रविवार, 8 जनवरी को होगा। राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर राजभवन में सुबह 10 बजे नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

राजभवन ने शपथ समारोह को लेकर निमंत्रण पत्र जारी कर दिए हैं। राजभवन प्रशासन ने शपथ ग्रहण की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बीच शपथ ग्रहण करने वाले मंत्रियों ने अपने समर्थकों के साथ शिमला में डेरा डाल दिया है। सुक्खू कैबिनेट में अधिकतम 10 मंत्री बनाए जाने हैं। पहले चरण में 6 से 7 मंत्री बनाए जा सकते हैं।

प्रदेश में कांग्रेस के सरकार बनाने के एक माह बाद मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। 68 सदस्यीय हिमाचल विधानसभा चुनाव के 8 दिसंबर 2022 को घोषित नतीजों में कांग्रेस 40 सीटें जीतकर सत्ता पर काबिज हुई है, जबकि भाजपा को 25 सीटें मिली हैं। 03 सीटें निर्दलियों के खाते में गई थी। कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 11 दिसंबर 2022 को शपथ ली थी।

इन्हें मिल सकती है जगह

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सिरमौर जिला से हर्षवर्धन चौहान, सोलन जिला से धनीराम शांडिल, बिलासपुर जिला से राजेश धर्माणी, कांगड़ा जिला से चंद्र कुमार एवं सुधीर शर्मा, कुल्लू जिला से सुंदर ठाकुर, किन्नौर जिला से जगत सिंह नेगी और शिमला जिला से विक्रमादित्य सिंह का मंत्री बनना लगभग तय है। इसके अलावा रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह, संजय रत्न, राम कुमार, राजेंद्र राणा, रघुवीर सिंह बाली के नाम भी आगे चल रहे हैं।

कांग्रेस में मंत्री पद के लिए काफी खींचतान चल रही थी। सुक्खू और प्रतिभा खेमे के विधायक मंत्री बनने के लिए दिल्ली दरबार तक लॉबिंग में जुटे रहे। वयोवृद्ध कांग्रेस विधायक धनीराम शांडिल ने वरिष्ठता का हवाला देते हुए हाईकमान से खुद को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने तक की पैरवी कर डाली थी। कैबिनेट विस्तार के दौरान हाईकमान के समक्ष सुक्खू और प्रतिभा सिंह के खेमों में सामंजस्य बिठाने के साथ क्षेत्रीय एवं जातीय संतुलन को साधने की चुनौती रहेगी।

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही साफ कर चुके थे कि जिन नामों पर हाईकमान मुहर लगाएगा, उन्हें ही मंत्री बनाया जाएगा। इस सिलसिले में वह दो बार दिल्ली का दौरा कर केंद्रीय नेताओं से चर्चा कर चुके हैं। सुक्खू शनिवार शाम को दिल्ली के दो दिवसीय दौरे से शिमला लौटे। दिल्ली से वापस लौटने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हाईकमान को मंत्रियों की लिस्ट सौंप दी गई है। हाईकमान की लिस्ट के आधार पर मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।

 

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours